वाराणसी। देवाधिदेव महादेव की नगरी काशी में इस बार आसमान में भारतीय वायुसेना के शौर्य और सामरिक क्षमता का अद्भुत प्रदर्शन देखने को मिलेगा। वाराणसी के नमो घाट पर 24 से 26 अक्टूबर तक तीन दिवसीय भव्य एयर शो आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। कार्यक्रम को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को उच्चस्तरीय बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एयर शो देखने के लिए केवल वाराणसी ही नहीं, बल्कि आसपास के कई जिलों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने वाराणसी मंडल के सभी जिलाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और अतिरिक्त मानव संसाधन जुटाने के निर्देश दिए हैं।
नमो घाट समेत प्रमुख घाटों पर रहेगी विशेष निगरानी
मुख्यमंत्री ने कहा कि नमो घाट के साथ काशी के अन्य प्रमुख घाटों पर भी श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ जुट सकती है। ऐसे में जल और थल मार्ग पर सुगम आवागमन सुनिश्चित किया जाए। संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले से मॉकड्रिल कराने और सभी संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर भी जोर दिया गया है।
आयोजन स्थल को अलग-अलग जोन और सेक्टरों में बांटा जाएगा। प्रत्येक सेक्टर में मजिस्ट्रेट और प्रशिक्षित पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, पार्किंग और आपातकालीन सेवाओं के लिए एकीकृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
24 से 26 अक्टूबर तक दिखेगा वायुसेना का दमखम
नमो घाट पर होने वाले एयर शो में भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान और अन्य हवाई प्रदर्शन लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। गंगा किनारे बसे काशी के ऐतिहासिक और धार्मिक वातावरण में वायुसेना के विमानों की गर्जना देश की सैन्य शक्ति और काशी की सांस्कृतिक विरासत का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगी।
25 अक्टूबर को मुख्य समारोह, PM मोदी के शामिल होने की संभावना
तीन दिवसीय आयोजन में 25 अक्टूबर को मुख्य समारोह प्रस्तावित है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने की संभावना जताई गई है। उच्चस्तरीय बैठक में एयर शो के दौरान दर्शक दीर्घा, ग्रैंड स्टैंड, वीआईपी एवं वीवीआईपी क्षेत्र, मीडिया एरिया, सुरक्षा जांच केंद्र और प्रवेश-निकास द्वारों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दर्शकों के लिए पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा, स्वच्छता और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए। प्रशासन और पुलिस ने आयोजन को सुरक्षित, व्यवस्थित और यादगार बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं।