चंद्रप्रभा नदी में अचानक बढ़ा जलस्तर, नहाने गए तीन युवकों को वन पुलिस ने बचाया
नौगढ़, चंदौली। चंदौली जिले के नौगढ़ क्षेत्र में रविवार को चंद्रप्रभा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नदी में नहा रहे तीन युवक तेज बहाव की चपेट में आ गए। स्थिति बिगड़ते देख मौके पर मौजूद वन पुलिस की टीम ने तत्परता दिखाते हुए तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
बताया जा रहा है कि तीनों युवक चंद्रप्रभा नदी में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने लगा और पानी का बहाव तेज हो गया। युवकों को परेशानी में देखकर वन पुलिसकर्मियों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। टीम ने सतर्कता और सूझबूझ का परिचय देते हुए तीनों युवकों को नदी से बाहर सुरक्षित निकाल लिया।
तीनों युवकों के सुरक्षित बचाए जाने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। चंद्रप्रभा नदी में जलस्तर बढ़ने की घटना को देखते हुए लोगों से नदी और जलप्रपात के आसपास विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। अधिकारियों का कहना है कि अचानक बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव के बीच नदी में उतरना जोखिम भरा हो सकता है।