चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के गोधना गांव के पास एनएच-19 पर शुक्रवार को सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है। मृतक की पहचान गोधना गांव निवासी सिधारी पाठक (80) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, सिधारी पाठक एनएच-19 पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

अलीनगर थाना प्रभारी गगनराज सिंह ने बताया कि सिधारी पाठक एनएच-19 पार करते समय ट्रक की चपेट में आए थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक और उसके चालक को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।

थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों और परिस्थितियों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।