दीनदयालनगर (मुगलसराय)। मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक रमेश जायसवाल ने अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल से ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा पुरैनी, हृदयपुर, बगही समेत कई गांवों में पहुंचकर स्थानीय किसानों और ग्रामीणों से मुलाकात की तथा उनकी समस्याओं को मौके पर ही सुना।

दौरे के दौरान किसानों ने बारिश और अन्य कारणों से फसलों को हुए नुकसान की जानकारी विधायक को दी। किसानों ने नष्ट हुई फसलों का जल्द से जल्द सर्वे कराकर नियमानुसार मुआवजा दिलाने की मांग की। विधायक रमेश जायसवाल ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने तथा समस्याओं का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।

विधायक ने अधिकारियों से कहा कि जिन किसानों की फसलें खराब हुई हैं, उनका तत्काल सर्वे कराया जाए और पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना चाहिए।

रमेश जायसवाल ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर प्रशासन के साथ लगातार समन्वय किया जाएगा। गांवों में सड़क, जल निकासी, बिजली और अन्य स्थानीय समस्याओं की जानकारी भी ग्रामीणों ने विधायक को दी, जिस पर उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

मोटरसाइकिल से गांवों में पहुंचे विधायक को देखकर ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं खुलकर रखीं। दौरे के दौरान भाजपा कार्यकर्ता, समर्थक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।