चंदौली : रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम जी मेले में लगे झूला चरखा झालर से सजा बाबा कीनाराम का दरबार चहनियां। महाकपालिक योगीराज अघोराचार्य बाबा कीनाराम जी के 427वें जन्मोत्सव को लेकर रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम मठ पूरी तरह सजकर तैयार हो गया है। जन्मोत्सव के प्रथम दिन 10 सितंबर गुरुवार को सूर्य की पहली किरण के साथ ही मठ परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ होगा। देश-विदेश के विभिन्न हिस्सों से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मठ प्रबंधन और प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जन्मोत्सव के प्रथम दिन प्रातः कांवड़ियों द्वारा किनेश्वर महादेव के शिवलिंग पर जलाभिषेक किया जाएगा। इसके बाद मठ के पदाधिकारियों द्वारा विधि-विधान पूर्वक पूजन-अर्चन किया जाएगा। घंट-घड़ियाल और शंखनाद के बीच बाबा कीनाराम जी के जन्मोत्सव की धार्मिक रस्में संपन्न होंगी। इसके पश्चात हवन-पूजन एवं आरती का आयोजन होगा। बाबा कीनाराम के जन्मोत्सव को लेकर ग्रामीण महिलाओं में भी विशेष उत्साह है। क्षेत्र की महिलाएं पारंपरिक सोहर एवं मंगलगीत गाकर अपनी खुशी व्यक्त करेंगी। वहीं सुबह करीब 9 बजे से रामचरितमानस के अंशों का गायन होगा। इसके बाद दिनभर विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें श्रद्धालु आध्यात्मिक वातावरण में बाबा की भक्ति में लीन नजर आएंगे। रात्रि आठ बजे से सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। इसमें प्रख्यात भोजपुरी गायक समर सिंह एवं उनके साथी कलाकार भोजपुरी गीतों की प्रस्तुति देंगे। इसे लेकर युवाओं समेत क्षेत्रीय लोगों में खासा उत्साह है। लाखों श्रद्धालुओं के संभावित आगमन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किये हैं। मठ के चारों तरफ पुलिस बैरिकेडिंग की गई है, ताकि श्रद्धालुओं का आवागमन सुचारु रूप से हो सके। वहीं मठ प्रबंधन के करीब 250 वालेंटियर चप्पे-चप्पे पर तैनात रहकर श्रद्धालुओं की सहायता, भीड़ नियंत्रण और दर्शन-पूजन को व्यवस्थित कराने में सहयोग करेंगे।श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मठ परिसर में खोया-पाया केंद्र एवं प्रसाद वितरण केंद्र बनाया गया है। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए चहनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की ओर से प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था की गई है। वहीं बाबा कीनाराम मठ के स्काउट गाइड दल द्वारा विद्यालय गेट पर श्रद्धालुओं को ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। जन्मोत्सव को लेकर बाबा कीनाराम मठ और आसपास के क्षेत्र को आकर्षक विद्युत झालरों एवं सजावटी रोशनी से सजाया गया है। पूरा मठ परिसर दुल्हन की तरह सजा हुआ है। जगह-जगह व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है और मठ प्रबंधन की टीमें लगातार तैयारियों में जुटी हैं। मठ प्रबंधन का अनुमान है कि जन्मोत्सव के दौरान लाखों श्रद्धालु बाबा कीनाराम के दरबार में पहुंचकर माथा टेकेंगे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, मठ प्रबंधन, वालेंटियर और स्काउट गाइड की टीमें पूरी तरह मुस्तैद हैं।