चंदौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (मुगलसराय) पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक के बैग से 43 लाख रुपये नकद बरामद किए। यह रकम सम्पूर्ण क्रांति एक्सप्रेस के जनरल कोच में यात्रा कर रहे युवक के पास से मिली। इतनी बड़ी मात्रा में नकदी मिलने के बाद रेलवे स्टेशन पर हड़कंप मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार, पकड़े गए युवक की पहचान आलोक शाह निवासी गायघाट, मुजफ्फरपुर (बिहार) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पटना से दिल्ली जा रहा था। इसी दौरान डीडीयू जंक्शन पर जांच के दौरान RPF और GRP की संयुक्त टीम ने उसके बैग की तलाशी ली, जिसमें 43 लाख रुपये नकद बरामद हुए।

पूछताछ के दौरान युवक ने कथित तौर पर बताया कि करीब 10 लाख रुपये पहुंचाने के बदले उसे 10 हजार रुपये कमीशन मिलता था। इसके बाद पुलिस ने नकदी के स्रोत और इस रकम को दिल्ली में किस व्यक्ति को सौंपा जाना था, इसकी जांच शुरू कर दी है।

हवाला नेटवर्क से कनेक्शन की आशंका

इतनी बड़ी रकम एक साथ बरामद होने के बाद मामले में हवाला नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही नकदी के वास्तविक स्रोत और इसके पीछे की गतिविधियों का खुलासा हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है। बरामद रकम कहां से आई, इसे किस उद्देश्य से दिल्ली ले जाया जा रहा था और इसमें अन्य लोगों की क्या भूमिका है, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। डीडीयू जंक्शन पर हुई इस बरामदगी ने एक बार फिर रेल मार्ग से बड़ी मात्रा में नकदी के परिवहन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।