चन्दौली :: पुलिस लाइन चन्दौली के नवीन सभागार में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से विशेष टीकाकरण एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य पुलिस लाइन एवं जनपद के विभिन्न थानों में कार्यरत पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के परिवारों की 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग की बच्चियों को गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी (HPV) वैक्सीन लगाना तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान छोटे बच्चों को पोलियो की खुराक भी पिलाई गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 10 बजे हुआ। इसमें महिला उपनिरीक्षक, महिला मुख्य आरक्षी एवं महिला आरक्षियों ने अपनी बच्चियों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया और टीकाकरण कराया।

स्वास्थ्य विभाग की विशेषज्ञ टीम ने पात्र बच्चियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई। साथ ही महिलाओं एवं किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर के कारण, लक्षण, बचाव के उपाय तथा समय पर टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

शिविर में पुलिस परिवार की महिलाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई और स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में पुलिस प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग की टीम का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए ऐसे शिविर आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक चन्दौली वेदमणि मिश्र, पुलिस वेलफेयर सेल प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सहित पुलिस कार्यालय, पुलिस लाइन एवं जनपद के विभिन्न थानों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।