चंदौली। श्री शीतला माता जन कल्याण ट्रस्ट के तत्वावधान में 15 अगस्त को देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट परिसर में विधिवत ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान एवं “भारत माता की जय” के जयघोष के साथ देश के वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। देशभक्ति के नारों से आसपास का वातावरण पूरी तरह राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत हो गया।

कार्यक्रम में श्री शीतला माता जन कल्याण ट्रस्ट के महंत मुकेश महाराज ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की सेवा केवल सीमाओं पर रहकर ही नहीं, बल्कि समाज के गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों की सेवा के माध्यम से भी की जा सकती है। उन्होंने कहा कि वह आश्रम के माध्यम से लगातार जरूरतमंद लोगों की सेवा करते आ रहे हैं और भविष्य में भी इसी भावना के साथ सेवा कार्य जारी रखेंगे।

महंत मुकेश महाराज ने कहा कि समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों की आवाज को मजबूती से उठाना भी राष्ट्रसेवा का ही एक रूप है। आवश्यकता पड़ने पर उनकी समस्याओं एवं जरूरतों विधान परिषद तक उनके प्रतिनिधि के रूप मे करूँगा । उन्होंने कहा कि उन्होंने अपना जीवन सनातन, समाजसेवा और राष्ट्रहित के लिए समर्पित किया है। समाज के कमजोर वर्ग को मजबूती मिलेगी तो इससे देश भी मजबूत होगा।

इस अवसर पर युवा भारतीय मंच के अध्यक्ष एवं भारतीय मीडिया फाउंडेशन के राष्ट्रीय सचिव (प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया) प्रताप चौबे ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है। युवाओं को सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए शिक्षित होने के साथ-साथ संस्कारवान, अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक बनना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति यदि सकारात्मक दिशा में आगे बढ़े तो राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

[metaslider id=”2486″]

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का दिन भी है। प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए अपना योगदान देना चाहिए।

सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं पत्रकारों का हुआ सम्मान

इस अवसर पर चंदौली, मिर्जापुर सहित अन्य जनपदों से पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ताओं, पत्रकारों एवं गणमान्य नागरिकों की भी कार्यक्रम में विशेष उपस्थिति रही। संस्था की ओर से सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।

महंत मुकेश महाराज द्वारा उपस्थित सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं पत्रकारों को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान समाजसेवा, जनजागरूकता एवं पत्रकारिता के माध्यम से समाज के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई।

कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं पत्रकारों ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि समाज को मजबूत बनाने के लिए सेवा, जागरूकता और सकारात्मक पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से सामाजिक एकता, राष्ट्रप्रेम और जनसेवा की भावना को और मजबूती मिलती है।

इस अवसर पर चंदौली एवं मिर्जापुर सहित विभिन्न जनपदों से आए सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने ध्वजारोहण कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने देश की उन्नति, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों एवं देश की रक्षा में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित, समाजसेवा और जनकल्याण के संकल्प के साथ हुआ।