चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र के किड़हिरा गांव में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। बंद कुएं में समरसेबल पंप निकालने उतरे चार लोग जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि समरसेबल पंप निकालने के लिए पहले एक व्यक्ति कुएं में उतरा था। काफी देर तक उसके बाहर नहीं आने पर अन्य लोग उसकी मदद के लिए कुएं में उतर गए। इसी दौरान चारों जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद सभी को कुएं से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। एक घायल का उपचार जारी है।

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली। अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक साथ तीन लोगों की मौत से किड़हिरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि लंबे समय से बंद या इस्तेमाल में न आने वाले कुओं में बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और विशेषज्ञ सहायता के बिल्कुल न उतरें। ऐसे कुओं में ऑक्सीजन की कमी अथवा जहरीली गैस जमा होने से जान का गंभीर खतरा हो सकता है।

एक ही हादसे में तीन जिंदगियां खत्म होने से किड़हिरा गांव में मातम पसरा हुआ है।