दुल्हीपुर। चंदौली एवं वाराणसी के प्रमुख समाजसेवी अश्वनी शुक्ला की ओर से दुल्हीपुर में सावन माह के दौरान एक माह से निरंतर संचालित कांवरिया सेवा शिविर का रविवार को समापन अवसर पर भव्य भंडारे के साथ आयोजन किया गया। सावन के अंतिम रविवार को सुबह सात बजे आयोजित कार्यक्रम में कांवरियों एवं आमजनमानस को प्रसाद एवं फलाहार वितरित किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शिविर में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया।इस अवसर पर समाजसेवी अश्वनी शुक्ला ने कहा कि सावन माह में दूर-दराज से बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवर लेकर बाबा विश्वनाथ सहित विभिन्न शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए जाते हैं। लंबी और कठिन यात्रा के दौरान कांवरियों की सुविधा एवं सेवा के लिए जगह-जगह समाजसेवियों और शिवभक्तों की ओर से सेवा शिविर लगाए जाते हैं। इसी सेवा भावना के तहत दुल्हीपुर में भी एक माह से निरंतर शिविर का संचालन किया जा रहा था।उन्होंने कहा कि सावन के अंतिम रविवार को शिविर में विशेष रूप से भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें कांवरियों के साथ आम जनमानस के लिए भी प्रसाद एवं फलाहार की व्यवस्था की गई। उन्होंने कहा कि भगवान शिव के भक्तों की सेवा करना स्वयं में पुण्य का कार्य है। शिवभक्त कठिन यात्रा कर बाबा विश्वनाथ के दरबार में पहुंचते हैं, ऐसे में उनकी सेवा के लिए छोटा सा प्रयास भी आत्मिक संतोष प्रदान करता है श्री शुक्ला ने कहा कि समाज के लोगों को धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ सेवा कार्यों में भी बढ़-चढ़कर सहभागिता करनी चाहिए। आपसी सहयोग और सेवा भावना से ही समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है। शिविर के माध्यम से कांवरियों को राहत पहुंचाने के साथ ही सेवा और सहयोग का संदेश देने का प्रयास किया गया।सावन के अंतिम रविवार को आयोजित भंडारे में कांवरियों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिवभक्तों को श्रद्धापूर्वक प्रसाद एवं फलाहार कराया गया। आयोजन के दौरान सेवा में जुटे कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा।कार्यक्रम में समाजसेवी अश्वनी शुक्ला के साथ अभिषेक दुबे, आशीष तिवारी, सौरभ पटेल, गोविंद पटेल सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग किया और कांवरियों की सेवा में सहभागिता निभाई।