चंदौली। स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ चंदौली एवं जिला खेल जगत फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय चंदौली खेल महोत्सव 2026 के दूसरे दिन स्किपिंग (रस्सी कूद) प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुल 38 बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले 18 खिलाड़ियों ने क्वालीफाइंग राउंड में प्रवेश किया। इनमें रितिका, सुप्रिया, रजनीकांत, अमित, आराध्या, ऋषिकेश, कुसुम, अद्विक, रुद्र, कार्तिक, शौर्य, आलोक, आदित्य, अनुपम, दिव्यांशी, राज, समीर और अर्पण शामिल रहे।क्वालीफाइंग राउंड में शानदार प्रदर्शन के बाद सुप्रिया, रजनीकांत, अमित, ऋषिकेश और कुसुम ने फाइनल राउंड में अपनी जगह बनाई। इन खिलाड़ियों को 31 अगस्त को चंदौली खेल महोत्सव के समापन समारोह के दौरान पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया जाएगा।

कार्यक्रम के आयोजक एवं स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ चंदौली तथा जिला खेल जगत फाउंडेशन के महासचिव सचिव कुमार नन्दजी ने बताया कि चार दिवसीय चंदौली खेल महोत्सव के दो दिन सफलतापूर्वक संपन्न हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि महोत्सव के तीसरे दिन 29 अगस्त को ऊंची कूद प्रतियोगिता का आयोजन मदर टेरेसा पब्लिक स्कूल में किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि खेल महोत्सव का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाना और उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करना है।