नई दिल्ली, 29 अगस्त 2026। महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की 121वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को देशभर में राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया। इस मौके पर नई दिल्ली स्थित इंडिया गेट के पास मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में विशेष खेल कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत दोनों मंत्रियों द्वारा मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।इस वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह का मुख्य आकर्षण राष्ट्रव्यापी ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ पहल रही। इसके तहत नागरिकों, विशेषकर युवाओं से कम से कम एक घंटा खेल एवं शारीरिक गतिविधियों के लिए समर्पित करने का आह्वान किया गया।फिट इंडिया मूवमेंट को मजबूत करने पर जोरडॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ पहल का उद्देश्य फिट इंडिया मूवमेंट को और मजबूत करना तथा खेलों को लोगों की दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना है।
उन्होंने कहा कि देशभर में लाखों युवा गलियों और मैदानों में एक घंटे खेल गतिविधियों में हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र के निर्माण के लिए लोगों से नियमित रूप से खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों में शामिल होने की अपील की।डॉ. मांडविया ने लोगों से आह्वान किया कि वे हर सप्ताह कम से कम एक घंटा खेल के मैदान में बिताएं और अपने स्वास्थ्य एवं फिटनेस पर ध्यान दें।

अर्जुन राम मेघवाल ने बताया खेलों का महत्वकेंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नियमित खेलकूद से व्यक्ति शारीरिक रूप से चुस्त-दुरुस्त रहने के साथ मानसिक तनाव से भी मुक्त रह सकता है।उन्होंने अपने खेल अनुभवों का जिक्र करते हुए कहा कि कबड्डी और फुटबॉल से लेकर बैडमिंटन तक खेल उनके जीवन का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रीय खेल दिवस पर एक घंटा खेल के लिए समर्पित करने के आह्वान को स्वस्थ और फिट भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

क्रिकेट, फुटबॉल और रस्साकशी में दिखा उत्साहराष्ट्रीय खेल दिवस समारोह के दौरान क्रिकेट, फुटबॉल और रस्साकशी सहित विभिन्न खेल एवं फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों का उद्देश्य लोगों में भागीदारी, टीम भावना और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देना रहा।क्रिकेट प्रतियोगिता में मिनिस्ट्री इलेवन, एसएआई इलेवन, मीडिया इलेवन और इन्फ्लुएंसर्स इलेवन ने हिस्सा लिया। शुरुआती मुकाबले में डॉ. मनसुख मांडविया के नेतृत्व वाली मिनिस्ट्री इलेवन ने मीडिया इलेवन को शानदार शिकस्त दी। मिनिस्ट्री इलेवन में खेल विभाग के सचिव हरि रंजन राव सहित मंत्रालय के अधिकारी शामिल रहे।वहीं इन्फ्लुएंसर्स इलेवन में प्रमुख सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और फिट इंडिया एंबेसडर भी शामिल हुए।
राष्ट्रीय खेल दिवस का यह आयोजन मेजर ध्यानचंद की अमर खेल विरासत को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ देश में खेल, फिटनेस और सक्रिय जीवनशैली की संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।
(INPUT:PIB)