सोनभद्र। लगातार बारिश और बांध के जलस्तर में बढ़ोतरी के बीच ओबरा बांध के गेट खोले जाने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन के अनुसार बांध से छोड़ा गया पानी रेणु नदी के रास्ते करीब 11 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद सोन नदी में पहुंचता है।

बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए चकाड़ी, गुरूच, खैरटिया, वर्दिया, महलपुर, गोटानी और सिंदुरिया समेत संवेदनशील गांवों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा जुगैल, ओबरा और चोपन क्षेत्र के नदी किनारे बसे इलाकों को भी अलर्ट किया गया है।

पुलिस और प्रशासन की ओर से लोगों से नदी, घाट और निचले इलाकों में जाने से बचने की अपील की गई है। विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों को नदी के आसपास न जाने देने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सायरन और आधिकारिक चेतावनी को गंभीरता से लें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें। स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।