वाराणसी। रामनगर के पंचवटी क्षेत्र में उस समय हंगामा मच गया, जब एक युवक के अपनी पत्नी और छोटे बच्चे से कथित मारपीट के बाद किसी दूसरी महिला के साथ मोटरसाइकिल पर घूमने की बात सामने आई। मामला इतना बढ़ गया कि सड़क पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और काफी देर तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
जानकारी के अनुसार सोनभद्र के गौराही निवासी उमाशंकर का ससुराल रामनगर में पंचवटी धर्मकांटा के सामने बताया जा रहा है। उसकी पत्नी का नाम वंदना बताया गया है। परिजनों का आरोप है कि कुछ दिन पहले उमाशंकर ने अपनी पत्नी और छोटे बच्चे के साथ मारपीट की और दोनों को घर से बाहर कर दिया।
इसके बाद जब पत्नी और उसके मायके पक्ष के लोगों को उमाशंकर के बारे में जानकारी मिली तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उमाशंकर कथित तौर पर एक दूसरी महिला को मोटरसाइकिल पर बैठाकर पंचवटी क्षेत्र की ओर जाता दिखाई दिया। बताया गया कि युवक उस महिला को अपनी साली बता रहा था।
युवक के इस तरह दूसरी महिला के साथ दिखाई देने की जानकारी मिलते ही पत्नी और उसके मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद सड़क पर ही दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला गर्म हो गया और मौके पर काफी देर तक हंगामा होता रहा।
घटना की सूचना रामनगर थाने को दी गई। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए दोनों पक्षों से जानकारी लेने के साथ ही पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि पत्नी द्वारा लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और दूसरी महिला के साथ युवक का वास्तविक संबंध क्या है। मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं।
