चंदौली ब्यूरो :: पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) के बबुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत जलखोर गांव के सिवान में सोमवार को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। इस अग्निकांड में लगभग 50 बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई।

बताया जा रहा है कि तेज हवा के चलते आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के खेतों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के दौरान गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया और ग्रामीणों में दहशत फैल गई।ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, दमकल विभाग के देर से पहुंचने को लेकर लोगों में नाराजगी देखी गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि पास में चल रहे हार्वेस्टर पर कार्यरत मजदूरों द्वारा बीड़ी पीकर फेंकने से निकली चिंगारी के कारण ही आग लगी, जिसने देखते ही देखते बड़ा रूप ले लिया।
घटना के बाद पीड़ित किसानों ने बबुरी थाने में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के साथ ही प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

