चंदौली जिले में द गुरुकुलम स्कूल, वाराणसी में “इन्वेस्टिचर सेरेमनी 2026” का भव्य एवं गरिमामयी आयोजन संस्कारम हॉल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय के नव-निर्वाचित छात्र पदाधिकारियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, उत्तरदायित्व एवं सेवा भावना का विकास करना रहा। समारोह में विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी एवं 91 यूपी बटालियन एनसीसी, मुगलसराय के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अमर सिंह रहे। उनके साथ विद्यालय के डायरेक्टर अभिषेक कुमार प्रधानाचार्या प्रियंका मुखर्जी, उप प्रधानाचार्या शिल्पा शर्मा, समन्वयक मृदुल राय एवं सविता दास तथा हेड एडमिनिस्ट्रेटिव वसुंधरा मंचासीन रहीं।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय के नव-निर्वाचित हेड बॉय, हेड गर्ल, स्पोर्ट्स कैप्टन एवं विभिन्न हाउस कैप्टनों को बैज एवं दायित्व चिह्न प्रदान कर शपथ दिलाई गई। छात्र पदाधिकारियों ने विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, अनुशासन का पालन करने तथा अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि कर्नल अमर सिंह ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि नेतृत्व केवल अधिकार प्राप्त करना नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों को साहस, अनुशासन एवं समर्पण के साथ निभाने की क्षमता है। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम, समयपालन एवं टीम भावना का महत्व समझाते हुए जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के डायरेक्टर अभिषेक सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की एक सशक्त पाठशाला है। उन्होंने छात्र परिषद को विद्यालय की संस्कृति एवं मूल्यों का आदर्श प्रतिनिधि बनने का संदेश दिया।
प्रधानाचार्या प्रियंका मुखर्जी ने छात्र परिषद को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नेतृत्व वही सार्थक होता है, जो दूसरों को प्रेरित करे और समाज के लिए सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करे। वहीं उप प्रधानाचार्या शिल्पा शर्मा एवं समन्वयकों मृदुल राय तथा सविता दास ने कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगी सदस्यों की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक एवं प्रेरणादायी प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। संपूर्ण सभागार उत्साह, अनुशासन एवं गौरवपूर्ण वातावरण से ओतप्रोत दिखाई दिया।
अंत में उप प्रधानाचार्या शिल्पा शर्मा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावकगण, विद्यार्थी एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।