बिना हेलमेट और नो पार्किंग पर सबसे ज्यादा कार्रवाई, वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति किया गया जागरूक
चंदौली जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा बुधवार को विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 407 वाहनों का चालान करते हुए करीब ₹6,06,000 का जुर्माना लगाया गया।
यातायात पुलिस ने चन्धासी कोयला मंडी समेत जिले के कई प्रमुख क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नो पार्किंग जोन में खड़े 132 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जबकि बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 257 लोगों का चालान काटा गया। इसके अलावा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया गया। वाहन चालकों को शराब पीकर वाहन न चलाने, मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने, ओवरलोडिंग से बचने, सीट बेल्ट और हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की सलाह दी गई।
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की कि सड़क सुरक्षा के लिए नियमों का पालन बेहद जरूरी है। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का प्रयोग हर हाल में करना चाहिए।