अस्पताल, कचहरी और बाजारों में सक्रिय अन्तर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़
चन्दौली। जनपद चन्दौली पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए अन्तर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना चन्दौली पुलिस ने पांच शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे एवं निशानदेही पर चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरोह के सदस्य भीड़भाड़ वाले स्थानों की रेकी कर बाइक चोरी करते थे और बाद में उन्हें बिहार में बेच दिया करते थे।
पुलिस अधीक्षक चन्दौली के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक बिंदेश्वर प्रसाद पाण्डेय के नेतृत्व में थाना चन्दौली पुलिस टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ कुछ संदिग्ध व्यक्ति बिहार की ओर जाने वाले हैं। सूचना के आधार पर धरौली-बिहार मार्ग पर बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू की गई।
चेकिंग के दौरान दो व्यक्ति अलग-अलग मोटरसाइकिलों से आते दिखाई दिए। पूछताछ में वे वाहन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। तकनीकी जांच एवं चेसिस नंबर सत्यापन में दोनों वाहन चोरी के पाए गए। पकड़े गए आरोपियों की पहचान छबीले राजभर निवासी कैमूर (बिहार) और अभिषेक कुमार उर्फ फौजी निवासी कैमूर (बिहार) के रूप में हुई।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि उनके अन्य साथी भी चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ पीछे आ रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने नवीन मंडी और नवही मार्ग पर घेराबंदी की। कुछ समय बाद तीन अन्य व्यक्ति अलग-अलग मोटरसाइकिलों से आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर वे भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शुभम कुमार निवासी रतनपुरा सकलडीहा, विशाल राय निवासी नई बाजार सकलडीहा तथा राहुल राय निवासी नई बाजार सकलडीहा के रूप में हुई। अभियुक्तों के कब्जे से बरामद वाहनों की जांच में कई बाइक थाना चन्दौली, सैयदराजा एवं सकलडीहा क्षेत्रों से चोरी की पाई गईं।
पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने बताया कि वे लोग संगठित गिरोह के रूप में कार्य करते थे। अस्पताल, कचहरी, रेलवे स्टेशन और बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों की पहले रेकी की जाती थी और मौका मिलते ही वाहन चोरी कर लिए जाते थे। चोरी के बाद बाइक की नंबर प्लेट बदल दी जाती थी या हटा दी जाती थी ताकि पहचान न हो सके।
अभियुक्तों ने यह भी स्वीकार किया कि चोरी की मोटरसाइकिलों को बिहार में शराब तस्करों को बेच दिया जाता था। इन वाहनों का उपयोग अवैध शराब की तस्करी में किया जाता था और पकड़े जाने पर तस्कर वाहनों को छोड़कर फरार हो जाते थे।
पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर मझवार रेलवे स्टेशन परिसर से एक अतिरिक्त चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की। मामले में थाना चन्दौली पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त
- छबीले राजभर निवासी कैमूर, बिहार
- अभिषेक कुमार उर्फ फौजी निवासी कैमूर, बिहार
- शुभम कुमार निवासी सकलडीहा, चन्दौली
- विशाल राय निवासी सकलडीहा, चन्दौली
- राहुल राय निवासी सकलडीहा, चन्दौली
बरामद वाहन
- स्प्लेंडर बाइक नंबर UP67 AC 8431
- स्प्लेंडर बाइक नंबर UP67 AH 9366
- मोटरसाइकिल नंबर UP67 W 5675
- प्लेटिना बाइक नंबर BR26 E 6650
- मोटरसाइकिल नंबर UP67 C 0037
- पल्सर बाइक नंबर UP67 AJ 2784