चन्दौली पुलिस का “ऑपरेशन वज्रपात”: सोशल मीडिया पर दबंगई दिखाने वाले गैंगों पर बड़ी कार्रवाई
5 दिवसीय अभियान में 64 गैंग चिन्हित, 187 लोगों पर कार्रवाई; 4 गिरफ्तार
चन्दौली। सोशल मीडिया पर गैंग बनाकर भय और आतंक का माहौल पैदा करने वाले तत्वों के खिलाफ चन्दौली पुलिस ने “ऑपरेशन वज्रपात” नाम से विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। पांच दिनों तक चले इस अभियान में पुलिस ने जिलेभर में सक्रिय 64 सोशल मीडिया गैंगों को चिन्हित किया, जिनमें से 49 गैंगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज करते हुए कुल 187 नामजद व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान चार अभियुक्तों को गिरफ्तार भी किया गया।
पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र श्री वैभव कृष्ण के निर्देशन एवं उच्चाधिकारियों के पर्यवेक्षण में यह विशेष अभियान 01 जून 2026 से 05 जून 2026 तक जिले के सभी थानों में चलाया गया। अभियान के दौरान ऐसे सोशल मीडिया ग्रुप, पेज और गैंगों को चिन्हित किया गया जो हथियारों का प्रदर्शन, आपराधिक छवि का प्रचार-प्रसार, युवाओं को गुमराह करने तथा समाज में भय और असुरक्षा का वातावरण बनाने का प्रयास कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, बीट पुलिसकर्मियों एवं थाना प्रभारियों की मदद से विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय गैंगों की निगरानी की गई। इन गैंगों के सदस्य रील्स, पोस्ट और वीडियो के माध्यम से दबंगई दिखाकर समाज में अपना प्रभाव स्थापित करने की कोशिश कर रहे थे। चिन्हित लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमे दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तार अभियुक्त
- आमिर अहमद निवासी बड़गावां, थाना बलुआ
- रम्मन सोनकर निवासी नईसट्टी, थाना मुगलसराय
- प्रांशु चौहान निवासी हनुमानपुर, थाना मुगलसराय
- संतोष यादव निवासी अमृतपुर, थाना नौगढ़
थानावार दर्ज अभियोग
- अलीनगर – 04
- सैयदराजा – 04
- बबुरी – 03
- मुगलसराय – 06
- धीना – 02
- चन्दौली – 05
- चकिया – 01
- चकरघट्टा – 02
- नौगढ़ – 02
- सकलडीहा – 02
- कंदवा – 03
- धानापुर – 06
- इलिया – 02
- बलुआ – 05
- शहाबगंज – 02
पुलिस की जनता से अपील
चन्दौली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में कोई व्यक्ति या समूह सोशल मीडिया पर गैंग बनाकर हथियारों का प्रदर्शन कर रहा है, युवाओं को गुमराह कर रहा है या भय और आतंक का माहौल बना रहा है, तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय थाने को दें।
पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इसके अलावा वाराणसी जोन द्वारा संचालित आधिकारिक व्हाट्सएप बॉट नंबर 7839860411 पर भी गोपनीय रूप से शिकायत अथवा सूचना दर्ज कराई जा सकती है।
चन्दौली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर अपराध और अराजकता फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।