सैयदराजा (चंदौली)। थाना क्षेत्र के अमड़ा फीडर अंतर्गत रनिया गांव में शुक्रवार को बिजली विभाग की कथित लापरवाही के चलते एक गंभीर हादसा हो गया। बनसिंहपुर (पुरवा) गांव निवासी सत्यम गुप्ता (16 वर्ष) 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गए।
ग्रामीणों के अनुसार, हाईटेंशन लाइन का तार लंबे समय से जमीन से लगभग चार फीट की ऊंचाई पर लटका हुआ था। इसकी जानकारी कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को दी गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं कराया गया। शुक्रवार को इसी लटके हुए तार की चपेट में आने से सत्यम गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल किशोर को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
ग्रामीणों ने हादसे के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि यदि समय रहते क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत कर दी जाती, तो इस दुर्घटना से बचा जा सकता था। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने तथा क्षेत्र की जर्जर एवं झूलती विद्युत लाइनों की शीघ्र मरम्मत कराए जाने की मांग की है।