चन्दौली। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चकिया पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने अंतरजनपदीय मवेशी चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि चार अन्य आरोपितों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार गिरोह ने चकिया, शहाबगंज और इलिया थाना क्षेत्रों में हुई कई मवेशी चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई 2026 की सुबह करीब 4 बजे डायल-112 और कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि थाना चकिया क्षेत्र के भभौरा नाका (ग्राम बमहोरा) के पास सड़क किनारे बंधी भैंसों को नीले रंग की मैजिक पिकअप से आए कुछ लोग चोरी करने का प्रयास कर रहे हैं। ग्रामीणों के जाग जाने और शोर मचाने पर आरोपी वाहन लेकर गरला की ओर भाग निकले।

सूचना पर तत्काल सक्रिय हुई थाना चकिया पुलिस और एसओजी टीम ने लतीफशाह पहाड़ी मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध मैजिक वाहन को रोक लिया। वाहन रुकते ही उसमें सवार लोग भागने लगे। पुलिस ने चार आरोपितों को मौके पर ही पकड़ लिया।
इसी दौरान चालक सीट के पास बैठा एक बदमाश अवैध तमंचे से पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगा। पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण की चेतावनी दिए जाने के बावजूद उसने दोबारा फायर किया। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर संयुक्त जिला चिकित्सालय चकिया भेजा गया। फरार अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपित
- करन सिंह चौहान (मुठभेड़ में घायल), निवासी पचवनिया, थाना चकिया।
- शशि चौहान, निवासी पचवनिया, थाना चकिया।
- प्रताप चौहान, निवासी पचवनिया, थाना चकिया।
- बल्लू चौहान, निवासी पचवनिया, थाना चकिया।
- अली हुसैन, निवासी डवरीकला, थाना बबुरी (मैजिक पिकअप चालक)।
बरामदगी
- 01 अवैध तमंचा (.315 बोर)
- 01 जिंदा कारतूस एवं 02 खोखा कारतूस
- घटना में प्रयुक्त नीले रंग की मैजिक पिकअप (UP67AT7652)
- ₹2,500 नकद
पूछताछ में खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपितों ने बताया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर संगठित गिरोह के रूप में रात में ग्रामीण क्षेत्रों से भैंस और पड़िया चोरी करते थे। चोरी किए गए मवेशियों को वाराणसी के कज्जाकपुरा और दुल्हीपुर क्षेत्र में बेचकर प्राप्त धनराशि आपस में बांट लेते थे। आरोपितों ने थाना इलिया, शहाबगंज और चकिया क्षेत्रों में दर्ज कई मवेशी चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
दर्ज मुकदमा
आरोपितों के विरुद्ध थाना चकिया में मु0अ0सं0 188/2026 के तहत धारा 109(1), 305(a), 317(2) बीएनएस तथा 3/25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना में प्रयुक्त मैजिक पिकअप वाहन को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।