मुगलसराय। मुगलसराय स्थित एसआरबी पब्लिक स्कूल में राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्री सदानंद दुबे द्वारा विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण कर किया गया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य और उसकी तकदीर हैं। बच्चों की प्रतिभा को जितना अधिक तराशा जाएगा, उतना ही परिवार, समाज और देश की दिशा एवं दशा बेहतर होगी।

विद्यालय के प्रबंधक श्री तारकेश्वर चौबे ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों एवं विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। वहीं प्रधानाचार्य विजय कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रधर्म सर्वोपरि है। हम सभी को जाति, धर्म और संप्रदाय से ऊपर उठकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका और जिम्मेदारी तय करनी चाहिए।उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चा अलग-अलग परिस्थितियों और भौगोलिक परिवेश में जन्म लेता है, लेकिन शिक्षक और समाज की जिम्मेदारी है कि उसकी प्रतिभा को पहचानकर उसे उचित दिशा प्रदान करें। उन्होंने कहा कि योग्यता और ज्ञान ही व्यक्ति की वास्तविक शक्ति हैं। शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर मेहनत करते हुए सभी को राष्ट्र निर्माण में अपनी अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने देश के विभिन्न राज्यों की कला एवं संस्कृति को अपने नृत्य और अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत किया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और पूरे विद्यालय परिसर में देशभक्ति का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मनोज कुमार उपाध्याय, इलियास अहमद, ओम प्रकाश, अजीत पटेल, निशा, चौधरी विनीता, श्वेता, सुभावती पटेल, सृष्टि, गौरव सिंह सहित विद्यालय के सभी सहायक कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

इस दौरान विद्यालय परिसर में काफी चहल-पहल रही और चारों ओर तिरंगे के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना दिखाई दी। विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेने तथा उनमें राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।





