Oplus_131072

चंदौली ब्यूरो । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में छात्रों एवं नगरवासियों द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी देशभक्ति से ओतप्रोत इस यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं, छात्रों एवं नगर के लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

तिरंगा यात्रा का आयोजन बृजेश सोनकर एवं प्रकाश गुप्ता के नेतृत्व एवं संयोजन में किया गया। हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ निकली यात्रा ने पूरे नगर का माहौल देशप्रेम से भर दिया। यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र एवं युवा शामिल रहे।

इस दौरान बातचीत में बृजेश सोनकर ने कहा कि आज का दिन हम सभी भारतीयों के लिए गौरव का दिन है, क्योंकि इसी दिन हमारा देश स्वतंत्र हुआ था। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से युवा एकजुट होकर देश के प्रति अपने समर्पण और राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रदर्शित करते हैं। इस यात्रा का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति, आपसी भाईचारा और सामाजिक एकता की भावना को मजबूत करना है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह तिरंगा यात्रा किसी राजनीतिक पार्टी या संगठन का हिस्सा नहीं है, बल्कि नगर के युवाओं द्वारा आपसी सहयोग और सहभागिता से आयोजित की जाती है। इसका उद्देश्य युवाओं को एकजुट कर देश और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी का एहसास कराना है।

वहीं तिरंगा यात्रा के सहयोगी के तौर पर उपस्थित प्रकाश गुप्ता ने कहा कि आज सभी युवा साथियों के नेतृत्व में यह यात्रा निकाली गई है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को संगठित, एकत्रित, शिक्षित और राष्ट्र के प्रति समर्पित बनाना है। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है और युवाओं में राष्ट्रप्रेम एवं सामाजिक एकता की भावना मजबूत होना बेहद आवश्यक है।तिरंगा यात्रा के दौरान पूरे नगर में देशभक्ति के नारों की गूंज सुनाई देती रही। हाथों में लहराते तिरंगे और युवाओं के उत्साह ने वातावरण को पूरी तरह देशभक्तिमय बना दिया।

इस अवसर पर जितेंद्र जाटव, विमल चौहान, अभिषेक सिंह सहित सैकड़ों छात्र, युवा एवं नगर के वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया।