खजुरगांव की मुख्य निकासी सड़क बदहाल, कीचड़-पानी से आवागमन बाधित

नियामताबाद, चंदौली। नियामताबाद ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम खजुरगांव की मुख्य निकासी सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क के बीचों-बीच जगह-जगह कीचड़ और पानी जमा होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बाद स्थिति और भी खराब हो गई है। सड़क पर जलभराव के कारण पैदल चलने वाले लोगों, स्कूली बच्चों तथा दोपहिया वाहन चालकों को विशेष दिक्कत हो रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव की यह सड़क आवागमन का प्रमुख मार्ग है, लेकिन लंबे समय से इसकी हालत खराब होने के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। सड़क पर पानी और कीचड़ जमा रहने से फिसलने का खतरा भी बना रहता है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की है।

बताया गया कि सड़क की बदहाल स्थिति के संबंध में पीडब्ल्यूडी विभाग को अवगत करा दिया गया है। ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि बारिश के दौरान आवागमन सुचारु रूप से हो सके।

ग्रामीणों ने सड़क की स्थिति को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो समस्या और गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने जनहित में सड़क की मरम्मत एवं जलनिकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की है।

इस दौरान संतोष गुप्ता, सियाराम चौहान, विकास चौहान, सौरभ यादव, अंबर यादव, संदीप चौहान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और सड़क की समस्या के शीघ्र समाधान की मांग उठाई।