दुल्हीपुर। नाग पंचमी के पावन अवसर पर दांडी स्थित श्री कृष्णा व्यायाम शाला में सुनील कुमार यादव के नेतृत्व में भव्य इनामिया कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। दंगल में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे नामी पहलवानों ने अपने दमखम और शानदार दांव-पेंच का प्रदर्शन कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
दंगल का उद्घाटन क्षेत्र के लोकप्रिय समाजसेवी देवता प्रधान के मुख्य आतिथ्य में हुआ। उनके पहुंचते ही व्यायाम शाला परिसर “हर हर महादेव” और “जय श्री कृष्णा” के नारों से गूंज उठा। पहलवानों और अतिथियों का गेंदा के फूलों की माला व साफा पहनाकर स्वागत किया गया।
दंगल की सबसे चर्चित कुश्ती दिल्ली के अभिषेक नागर पहलवान और दांडी निवासी सतपाल पहलवान के बीच हुई। करीब 20 मिनट तक चले रोमांचक मुकाबले में दोनों पहलवानों ने कई जोरदार दांव लगाए, लेकिन कोई निर्णायक बढ़त हासिल नहीं कर सका। पंचों ने मुकाबला बराबरी पर समाप्त करने का फैसला सुनाया।
विजेता पहलवान के लिए देवता प्रधान की ओर से एक लाख रुपये का नगद पुरस्कार घोषित किया गया था। मुकाबला बराबरी पर छूटने के बाद दोनों पहलवानों को विशेष सम्मान और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर देवता प्रधान ने कहा कि खेल युवाओं को नशे और गलत संगत से दूर रखने का बेहतर माध्यम है। उन्होंने कहा कि वह खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए हमेशा प्रयासरत रहते हैं और क्रिकेट, वॉलीबॉल, कुश्ती दंगल व बिरहा जैसी प्रतियोगिताओं में सहयोग कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है।
दंगल में दूर-दराज से आए पहलवानों ने भी कई रोमांचक मुकाबले पेश किए। कुश्ती देखने के लिए सैकड़ों की संख्या में महिला और पुरुष दर्शक मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में श्री कृष्णा व्यायाम शाला के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आयोजन से जुड़े लोगों का सराहनीय योगदान रहा।