चकिया चंदौली। डालिम्स सनबीम स्कूल चकिया में शनिवार को पांच दिवसीय ईस्ट जोन सीबीएसई बॉक्सिंग चैंपियनशिप का भव्य आगाज हुआ। चकिया में पहली बार आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता में पूर्वी जोन के 635 स्कूलों के करीब 1300 छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता शुरू होते ही रिंग में खिलाड़ियों के जोरदार पंच, फुटवर्क और शानदार खेल कौशल ने माहौल को रोमांच से भर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद रिबन काटकर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन हुआ। एआईबीए वन-स्टार अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग कोच एवं एमएसवी बॉक्सिंग एकेडमी के चेयरमैन दिलीप कुमार सिंह तथा बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव एवं सदस्य प्रमोद कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, खेल भाव
ना और पूरी मेहनत के साथ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।h
रिंग में उतरते ही दिखा खिलाड़ियों का जोश
उद्घाटन मुकाबलों में ईस्टर्न जोन के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे मुक्केबाजों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिले। खिलाड़ियों ने तेज पंचिंग, बेहतरीन फुटवर्क और तकनीक का शानदार प्रदर्शन किया। मुकाबलों के दौरान दर्शकों की तालियों और खिलाड़ियों के उत्साह से विद्यालय परिसर गूंजता रहा।
पांच दिनों तक चलेगी प्रतियोगिता
प्रतियोगिता में विभिन्न आयु और भार वर्गों में पांच दिनों तक मुकाबले होंगे। कार्यक्रम में पर्यवेक्षक शशि प्रकाश सिंह, अजीत सिंह चौहान, प्रधानाचार्य संगीता सिन्हा, चेयरपर्सन वीरेंद्र प्रताप सिंह, मैनेजिंग डायरेक्टर विवेक प्रताप सिंह और डायरेक्टर सुधा सिंह सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
चकिया में इतने बड़े स्तर पर बॉक्सिंग चैंपियनशिप के आयोजन से जिले के युवा खिलाड़ियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन को स्थानीय खेल प्रतिभाओं के लिए एक बड़े अवसर के रूप में देखा जा रहा है।