जैपुरिया स्कूल्स बनारस की पड़ाव शाखा के श्री संगम सभागार में सावन महोत्सव अभ्युदय का भव्य एवं रंगारंग आयोजन किया गया। सावन की मनोहारी छटा, भारतीय संस्कृति, संगीत, नृत्य और बच्चों की कल्पनाशीलता से सजे इस कार्यक्रम में नर्सरी से कक्षा 2 तक के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों एवं गणमान्य व्यक्तियों का पुष्पगुच्छ एवं अंग वस्त्र भेंट कर अभिनंदन एवं सम्मान किया गया। विद्यालय के प्राचार्य श्री बिनोद कुमार दास ने अपने स्वागत संबोधन में अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का अभिनंदन करते हुए आयोजन की भावना एवं उद्देश्य को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विविधतापूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति एवं सावन के उल्लास को मंच पर जीवंत कर दिया। कक्षा 1 एवं 2 के विद्यार्थियों द्वारा ‘अष्ट श्लोक –आदेश’ की प्रस्तुति ने वातावरण को आध्यात्मिकता से भर दिया। इसके पश्चात कक्षा 2 के ‘स्वागत नृत्य– शिव जी’ ने समारोह में उत्साह का संचार किया। आयोजन के क्रमवार यूकेजी के विद्यार्थियों ने ‘सितारे ज़मीन पर’, नर्सरी द्वारा बॉलीवुड रैंप वॉक तथा मैश अप डांस विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें नन्हे सितारों ने अपनी मासूम अदाओं और आत्मविश्वास से दर्शकों की खूब तालियाँ बटोरीं। एलकेजी के विद्यार्थियों द्वारा पंजाबी फोक डांस ने पंजाब की लोक-संस्कृति और रंग-बिरंगी परंपरा की खूबसूरत झलक प्रस्तुत की ,वहीं कक्षा 1 का तारक मेहता का उल्टा चश्मा तथा हाय हाय यह लड़का दर्शकों के लिए मनोरंजन से भरपूर रहा। कक्षा 2 द्वारा ‘जेमिकन’ तथा ओ री सखी मंगल गाओ री ’ जैसी प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार को तालियों से झंकृत कर दिया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने समारोह को और भी जीवंत बना दिया। अभिभावकों के लिए आयोजित प्रतिस्पर्धाएं कपल सिंगिंग, फैमिली रैंप वॉक, पोस्टर मेकिंग, स्लोगन राइटिंग, डीआईवाई डिलाइट्स और फेस मेकअप में अभिभावकों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता दी। अभिभावकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने यह सिद्ध किया कि विद्यालय का उत्सव केवल बच्चों का नहीं, बल्कि पूरे जैपुरिया परिवार का उत्सव है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के पद पर सुशोभित पुलिस अधीक्षक चंदौली श्री आकाश पटेल ने विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं उनके आत्मविश्वास की सराहना की। उन्होंने कहा कि, ‘ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा व्यक्त करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, परंपराओं और सामूहिक सहभागिता से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं।’
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक महोदय ने भी विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘Prismatic’ केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि बच्चों की कल्पना, प्रतिभा और अभिव्यक्ति के विविध रंगों का उत्सव है। उन्होंने कहा कि, सावन की रिमझिम फुहारों के बीच जब कल्पना को मंच, प्रतिभा को अवसर और परिवार को विद्यालय का साथ मिलता है, तो हर बच्चा अपने भीतर के इंद्रधनुष को दुनिया के सामने ला सकता है।
प्रतियोगिताओं के परिणामों की घोषणा के पश्चात विजेता अभिभावकों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन तनुप्रिया पॉल व विधि श्रीवास्तव के सानिध्य में कक्षा चार से पार्थ सिंह व मिहीन ने तथा आभार ज्ञापन प्राइमरी वर्ग संयोजिका शाजिया बदर ने प्रस्तुत किया।
उक्त अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष श्री दीपक कुमार बजाज, प्रबंध निदेशक श्री मनोज कुमार बजाज, कार्यकारी निदेशक श्री श्याम सुंदर बजाज, निदेशक श्री गौरांग बजाज एवं गवेंद्र बजाज, निदेशिका पूजा बजाज, प्राचार्य विनोद कुमार दास एवं तीनों वर्गों की संयोजिकाओं सहित शिक्षकगणों, अभिभावकों एवं बच्चों की गरिमामयी उपस्थिति रही।