स्थानीय लोगों ने कार को घेरा, आक्रोश में तोड़ा शीशा; पुलिस ने वाहन कब्जे में लिया
चंदौली। मुग़लसराय क्षेत्र में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार कार का कुछ लोग पीछा करते हुए नजर आए। स्थानीय लोगों के अनुसार, वैगनआर कार लाठ नंबर-2 की तरफ से तेज गति से आ रही थी और उसके पीछे करीब पांच से छह लोग दौड़ रहे थे। यह दृश्य देखकर आसपास के लोगों में भी हलचल मच गई।
बताया जा रहा है कि कार जैसे ही दत्ता मेडिकल स्टोर के पास पहुंची, वहां मौजूद करीब 15 से 20 लोगों ने वाहन को चारों ओर से घेर लिया। भीड़ से घिरता देख कार चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद मौके पर मौजूद कुछ आक्रोशित लोगों ने कार का शीशा तोड़ दिया और वहां से चले गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद मुग़लसराय कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए क्षतिग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस अब वाहन के नंबर और अन्य विवरण के आधार पर उसके स्वामी का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कार चालक तेज रफ्तार में क्यों भाग रहा था और उसके पीछे दौड़ रहे लोगों के साथ उसका क्या संबंध था। फिलहाल घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध घटना की जानकारी मिलने पर कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। मामले में पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है, जिससे घटना से जुड़े लोगों की पहचान करने में मदद मिल सके।।