चंदौली खेल महोत्सव में योग प्रतियोगिता का आयोजन, शिवम कुमार ने हासिल किया प्रथम स्थान
चंदौली। स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ चंदौली तथा चंदौली खेल जगत फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय चंदौली खेल महोत्सव के चौथे दिन योग प्रतियोगिता का आयोजन परशुरामपुर स्थित सेंट्रल पब्लिक स्कूल में किया गया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी योग प्रतिभा का प्रदर्शन किया।स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ चंदौली एवं जिला खेल जगत फाउंडेशन के जिला महासचिव कुमार नन्दजी ने बताया कि योग प्रतियोगिता में कुल 10 राउंड आयोजित किए गए। विभिन्न वर्गों से मोहम्मद आरिफ, फरहान सिद्दीकी, अर्जुन गुप्ता, गौरव यादव, शिवम कुमार, रोशन कुमार, राज यादव, ऋषभ यादव, प्रिंस कुमार और आदित्य कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल राउंड में प्रवेश किया।फाइनल मुकाबले में शिवम कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मोहम्मद आरिफ ने द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं आदित्य कुमार और अर्जुन गुप्ता ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर सेंट्रल पब्लिक स्कूल परशुरामपुर की प्रिंसिपल विभा सिंह एवं सीएमडी डॉ. विनय कुमार वर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के जीवन में योग का विशेष महत्व है। योग से मन शांत रहता है और एकाग्रता बढ़ती है, जिसका सकारात्मक प्रभाव विद्यार्थियों की पढ़ाई और मानसिक विकास पर भी पड़ता है।
आयोजकों ने बताया कि चार दिवसीय चंदौली खेल महोत्सव के सभी खेल कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गए हैं। महोत्सव के चारों दिनों के विजेता खिलाड़ियों को मेडल, प्रमाण पत्र एवं कैश प्राइज देकर सम्मानित किया जाएगा।
