चंदौली। मुगलसराय थाना क्षेत्र के मालगोदाम रोड स्थित महावीर कॉलोनी, ग्राम भोगवारे में रविवार, 30 अगस्त को एक दो मंजिला मकान में भीषण चोरी से हड़कंप मच गया। चोरों ने घर में घुसकर करीब 20 लाख रुपये के जेवरात और 40 से 50 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार महावीर कॉलोनी निवासी पप्पू चौधरी पिछले दिनों परिवार के साथ अयोध्या घूमने गए थे। रविवार सुबह करीब 7 बजे जब वह वापस घर पहुंचे, तो घर का सामान अस्त-व्यस्त देखकर उनके होश उड़ गए। जांच करने पर घर के कमरों में चोरी होने की जानकारी हुई।
बताया गया कि दो मंजिला मकान में पप्पू चौधरी नीचे रहते हैं, जबकि उनके भाई ऊपर के हिस्से में रहते हैं। चोरों ने दोनों भाइयों के कमरों को निशाना बनाया और वहां रखे कीमती आभूषण व नकदी चोरी कर फरार हो गए। परिजनों के अनुसार दोनों कमरों से करीब 20 लाख रुपये के जेवरात तथा 40 से 50 हजार रुपये नकद चोरी हुए हैं।
घटना के बाद पप्पू चौधरी ने मुगलसराय थाने में चोरी की तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घर से फिंगरप्रिंट सहित अन्य साक्ष्य जुटाए।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों की तलाश में जुटी है। इस बड़ी चोरी से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।