चुनार, मिर्जापुर | 2 सितंबर 2026चुनार क्षेत्र के पिरल्लिपुर पावर हाउस के पास NH-35 हाईवे स्थित रेलवे अंडरपास में भारी जलभराव के चलते यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक अंडरपास में करीब 6 से 7 घंटे से पानी लबालब भरा हुआ है, जिसके कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।
बताया जा रहा है कि अंडरपास के दोनों ओर करीब चार-चार किलोमीटर लंबा जाम लगा हुआ है। जलभराव के बीच एक बस और पिकअप वाहन भी फंस गए हैं। राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

लोगों का कहना है कि इतने लंबे समय से पानी जमा होने के बावजूद अभी तक पानी निकालने की कोई प्रभावी व्यवस्था दिखाई नहीं दे रही है। इससे प्रशासनिक व्यवस्था और अंडरपास की जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने तत्काल पानी की निकासी कराने और यातायात व्यवस्था को सामान्य कराने की मांग की है। साथ ही लोगों का सवाल है कि जनता के पैसे से करोड़ों-अरबों रुपये खर्च होने के बाद भी बारिश में सड़क और अंडरपास की ऐसी स्थिति क्यों बन रही है?
बारिश ने विकास और जलनिकासी व्यवस्था की हकीकत सामने ला दी है।
