चंदौली। जिले में लगातार हो रही बारिश और मौसम के बिगड़ते मिजाज को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। जनपद में शाम 7 बजे तक बारिश तथा आकाशीय बिजली की आशंका के दृष्टिगत रेड जोन घोषित किए जाने की सूचना है। ऐसे में आमजन से सुरक्षित रहने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है।

प्रशासन की ओर से जिले के सभी सम्मानित नागरिकों से अपने स्तर से आसपास के लोगों को भी मौसम को लेकर सतर्क करने का आग्रह किया गया है। खासकर खुले मैदान, खेत, नदी, तालाब और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है। आकाशीय बिजली के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले स्थानों से दूरी बनाए रखना बेहद जरूरी है।

मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान में चंदौली क्षेत्र में बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सावधान रहें, सुरक्षित रहें और मौसम संबंधी आधिकारिक सूचनाओं पर ध्यान दें। किसी भी आपात स्थिति में संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क करें।