चंदौली। धानापुर क्षेत्र में राशन कार्ड में जिंदा लोगों को मृत दर्ज किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सरकारी रिकॉर्ड में परिवार के सदस्यों को मृत घोषित कर दिया गया, जिसके चलते उन्हें सरकारी राशन का लाभ नहीं मिल पा रहा है। मामले को लेकर जिला पंचायत सदस्य अंजनी सिंह ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

अंजनी सिंह ने बताया कि धानापुर क्षेत्र के खड़ान गांव निवासी मुन्ना पासवान और उनके परिवार के सदस्यों के नाम राशन कार्ड में मृत दर्ज कर दिए गए हैं। परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है और राशन के सहारे किसी तरह अपना जीवनयापन कर रहा है। ऐसे में राशन कार्ड में मृत दर्ज होने के बाद परिवार के सामने भोजन का संकट खड़ा हो गया है।

जिला पंचायत सदस्य ने कहा कि गरीब परिवारों को सरकार की ओर से मिलने वाली राशन जैसी जरूरी सुविधा में इस तरह की लापरवाही गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि जिंदा लोगों को कागजों में मृत घोषित कर दिया जाना सरकारी व्यवस्था की बड़ी खामी को दर्शाता है।

अंजनी सिंह ने इस संबंध में वीडियो जारी कर जिला प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने जिलाधिकारी, सकलडीहा एसडीएम और धानापुर के संबंधित अधिकारियों से परिवार के सदस्यों के नाम राशन कार्ड में दोबारा दर्ज कराने की मांग की है।

उन्होंने प्रशासन से यह भी अपील की कि परिवार को तत्काल राशन उपलब्ध कराया जाए, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के सामने भोजन का संकट न खड़ा हो। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले की जांच कर कितनी जल्दी परिवार को राहत दिलाता है।