पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की सोफिया मार्केट शाखा स्थित करेंसी चेस्ट से करीब 17 करोड़ रुपये के कथित नकली नोट मिलने का मामला सामने आने के बाद बैंकिंग महकमे में हड़कंप मच गया है। शुरुआती जांच में करीब 11.5 करोड़ रुपये की संदिग्ध नकदी सामने आने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में दर्ज शिकायत में यह रकम बढ़कर करीब 17 करोड़ रुपये बताई गई।

मामले में बैंक के तीन अधिकारियों को निलंबित किए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं, करेंसी चेस्ट में नकदी की कमी पाए जाने के बाद एक पार्ट टाइम हाउसकीपर के खिलाफ चोरी का मामला भी दर्ज कराया गया है। हालांकि, करेंसी चेस्ट का ऑडिट अभी पूरा नहीं हुआ है। ऐसे में जांच आगे बढ़ने पर संदिग्ध नकदी और कथित नकली नोटों की रकम को लेकर और खुलासे हो सकते हैं।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि बैंक की सुरक्षित मानी जाने वाली तिजोरी तक इतनी बड़ी मात्रा में संदिग्ध नोट आखिर कैसे पहुंचे? क्या असली नोटों को कथित तौर पर नकली नोटों से बदला गया या फिर नकदी के रखरखाव और जांच में गंभीर लापरवाही हुई? करोड़ों रुपये की नकदी का हिसाब कैसे बिगड़ा और इसमें किन लोगों की भूमिका हो सकती है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

पुलिस और बैंक की आंतरिक जांच में सामने आने वाले तथ्यों पर अब सभी की नजर है।