राष्ट्रीय योग चैंपियनशिप में चंदौली की सुप्रिया दिखाएंगी दमखम, हैदराबाद के लिए रवाना

चंदौली। नन्द बॉक्सिंग एकेडमी एंड योगा ट्रेनिंग सेंटर की होनहार खिलाड़ी सुप्रिया कुमारी का चयन हैदराबाद में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय योग चैंपियनशिप के लिए हुआ है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में चयन होने पर खिलाड़ी, प्रशिक्षकों, विद्यालय परिवार और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। सुप्रिया प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए हैदराबाद रवाना हो गई हैं।

स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ चंदौली एवं योगा एसोसिएशन ऑफ चंदौली के जिला महासचिव तथा कोच कुमार नन्द ने बताया कि सुप्रिया कुमारी केंद्रीय विद्यालय मुगलसराय की छात्रा हैं और नियमित रूप से नन्द बॉक्सिंग एकेडमी एंड योगा ट्रेनिंग सेंटर में योग का अभ्यास करती हैं।

उन्होंने बताया कि अप्रैल माह में आयोजित अंडर-19 रिदमिक योगा प्रतियोगिता में सुप्रिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किया था। उनके इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए उनका चयन किया गया है।

8 सितंबर से 15 सितंबर तक हैदराबाद में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय योग प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से चयनित खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। ऐसे में सुप्रिया के लिए यह प्रतियोगिता राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा और मेहनत को साबित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।

योग के साथ बॉक्सिंग और मार्शल आर्ट्स में भी पहचानसुप्रिया कुमारी की खासियत यह है कि वह केवल योग तक सीमित नहीं हैं। वह बॉक्सिंग और मार्शल आर्ट्स की जिलास्तरीय खिलाड़ी भी हैं। अलग-अलग खेल विधाओं में उनकी सक्रियता और निरंतर अभ्यास उनकी प्रतिभा और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है।

कोच कुमार नन्द ने सुप्रिया को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सुप्रिया राष्ट्रीय मंच पर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल करेंगी और चंदौली जिले के साथ-साथ अपने विद्यालय एवं प्रशिक्षण केंद्र का नाम रोशन करेंगी।सुप्रिया के राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन पर केंद्रीय विद्यालय मुगलसराय के प्रिंसिपल, योग शिक्षक, प्रशिक्षण केंद्र के कोच एवं सभी खिलाड़ियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।