वाराणसी। दशाश्वमेध क्षेत्र में गुरुवार दोपहर बारिश के दौरान आकाशीय बिजली की तेज तड़तड़ाहट से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। तेज आवाज के कुछ देर बाद एक मकान की दीवार में दरारें दिखाई देने की बात सामने आई, जिसके बाद स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर दशाश्वमेध चौकी प्रभारी अनुज मणि तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मकान की स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी भी ली।

मकान मालिक शशि यादव के अनुसार, मकान के निचले हिस्से में हल्की दरारें आई हैं। तेज आवाज के बाद जब दीवार पर दरारें दिखाई दीं तो परिवार और आसपास के लोगों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर स्थिति की जानकारी ली। बारिश के दौरान आकाशीय बिजली की तेज आवाज और मकान में दरार की घटना से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता जरूर बढ़ गई है।

प्रशासन की ओर से लोगों को बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान सतर्क रहने तथा सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी जाती है।