चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र में ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गैर इरादतन हत्या के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इंद्रा हॉस्पिटल, महराईया से अस्पताल प्रबंधक इंद्रजीत प्रजापति को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, धानापुर थाना क्षेत्र में सुमन नामक महिला की 19 अगस्त को ऑपरेशन के दौरान मौत हो गई थी। परिजनों की ओर से आरोप लगाया गया था कि ऑपरेशन के दौरान गलत नस कटने और किडनी को नुकसान पहुंचने के कारण महिला की हालत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से जांच कराई गई। सीएमओ चंदौली की जांच रिपोर्ट के आधार पर धानापुर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्त ने खुद ऑपरेशन करने की बात स्वीकार की है। मामले में पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

अभियुक्त की गिरफ्तारी प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्र के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत से जुड़े इस मामले ने स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पतालों में चिकित्सा प्रक्रिया के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।