पीडीडीयू चंदौली। (मुगलसराय)। आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह मंगलवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष अशोक सिंह के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर सांसद संजय सिंह का अभिनंदन किया।स्टेशन पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान संजय सिंह ने भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच सोशल मीडिया पर चल रहे वीडियो विवाद को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि आपत्तिजनक वीडियो और नफरत की भाषा की शुरुआत भाजपा की ओर से हुई है। उन्होंने भाजपा द्वारा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को थप्पड़ मारते हुए दिखाए गए एक वीडियो का भी जिक्र किया और कहा कि बाद में भाजपा को वह वीडियो डिलीट करना पड़ा।राम मंदिर जमीन मामले को लेकर लगाए आरोपसंजय सिंह ने राम मंदिर निर्माण से जुड़े जमीन के मामलों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि उनके पास जमीन से जुड़े 13 दस्तावेज हैं, जिनमें अलग-अलग दस्तावेजों पर चंपत राय, डॉ. अनिल मिश्रा और भाजपा के पूर्व मेयर ऋषिकेश उपाध्याय के हस्ताक्षर या गवाही का उल्लेख है। उन्होंने कहा कि इन दस्तावेजों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।

रोजगार और पेपर लीक को बनाया मुद्दाAAP सांसद ने कहा कि उत्तर प्रदेश में रोजगार और सामाजिक न्याय के मुद्दों को लेकर पार्टी लगातार आंदोलन कर रही है। रोजगार के मुद्दे को लेकर पांच चरणों में पदयात्राएं हो चुकी हैं, जबकि तीन चरण अभी बाकी हैं। उन्होंने पेपर लीक के मुद्दे का भी जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी ने युवाओं की समस्याओं को लगातार उठाया है।

संजय सिंह ने कहा कि प्रभु श्रीराम के नाम पर चंदे से जुड़े कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा भी उन्होंने वर्ष 2021 में उठाया था। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता और युवाओं से जुड़े सवालों को लगातार उठाती रहेगी।

यूपी चुनाव को लेकर बोलेफैसला केंद्रीय नेतृत्व करेगा

आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी चुनाव किस रूप में और कितनी सीटों पर लड़ेगी, इसका फैसला पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने और जनता से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन चलाने का काम पूरी मजबूती से जारी है। कई विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी के कार्यकर्ता सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं।’स्कूल ठीक करो’ अभियान जारी रखने का ऐलानसंजय सिंह ने ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने प्रदेश के जर्जर और बदहाल स्कूलों के वीडियो बनाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सरकार के सामने रखे और उन्हें ठीक कराने की मांग की।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस अभियान को लेकर पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं पर एफआईआर दर्ज की गई हैं, जिनमें चंदौली और सोनभद्र के जिलाध्यक्ष तथा वाराणसी के प्रवक्ता मुकेश सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं।

संजय सिंह ने दावा किया कि अभियान के बाद सरकार ने प्राथमिक विद्यालयों के सुधार के लिए 604 करोड़ रुपये जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी अब यह निगरानी करेगी कि इस धनराशि का सही इस्तेमाल हो रहा है या नहीं। उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्ष बीएसए, डीएम और मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर जर्जर स्कूलों को दुरुस्त कराने की मांग करेंगे। यदि एक महीने के भीतर काम शुरू नहीं हुआ तो आम आदमी पार्टी दोबारा आंदोलन करेगी।