एएनटीएफ यूनिट वाराणसी और थाना अलीनगर पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता

चन्दौली। जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ यूनिट वाराणसी एवं थाना अलीनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 1 किलो 20 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर 2026 को टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध हेरोइन लेकर चन्दौली में तस्करी के लिए आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गोधना मोड़ अंडरपास सर्विस रोड के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग शुरू की।

कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिये से मिलता-जुलता एक युवक वहां पहुंचा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1 किलो 20 ग्राम भूरे रंग का पाउडर, जिसे पुलिस ने हेरोइन बताया, बरामद हुआ।

पूछताछ में गिरफ्तार युवक की पहचान अभिषेक सोनकर पुत्र प्रकाश सोनकर, निवासी झोरिया जगदीशपुर बाबतपुर, थाना फूलपुर, वाराणसी, उम्र करीब 21 वर्ष के रूप में हुई।

पूछताछ में क्या सामने आया?

पुलिस के मुताबिक, अभिषेक ने पूछताछ में बताया कि यह हेरोइन उसे आयुष श्रीवास्तव, निवासी आकाशवाणी के पास महमूरगंज, वाराणसी ने दी थी। उसे गोधना मोड़ हाईवे के पास खड़े रहने और वहां किसी अन्य व्यक्ति को हेरोइन सौंपकर पैसे लेने के लिए कहा गया था।

अभिषेक ने पुलिस को बताया कि वह पैसों के लालच में इस तस्करी में शामिल हुआ था।

बरामदगी

🔹 1 किलो 20 ग्राम कथित अवैध हेरोइन
🔹 अनुमानित कीमत करीब ₹3 करोड़
🔹 ₹650 नकद
🔹 01 एंड्रॉयड मोबाइल फोन

मुकदमा दर्ज

इस मामले में थाना अलीनगर में मु0अ0सं0 560/2026, धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई से मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले नेटवर्क पर शिकंजा कसने की उम्मीद है।