चंदौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (मुगलसराय) क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। वर्षों से जर्जर पड़ी माल गोदाम रोड के निर्माण कार्य की शुरुआत हो गई है। यह पहल पूर्व सांसद रामकिशुन यादव द्वारा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष सड़क की समस्या उठाए जाने के बाद संभव हो सकी है।

जानकारी के अनुसार, पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने 9 सितंबर को रेल मंत्री से संपर्क करने का प्रयास किया था। इसके बाद 11 सितंबर को रेल मंत्री ने स्वयं उन्हें फोन कर रेलवे क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की। बातचीत के तुरंत बाद पूर्व मध्य रेलवे (ईसीआर) के महाप्रबंधक ने पूर्व सांसद से संपर्क कर क्षेत्र की सड़कों और अन्य मुद्दों की जानकारी ली। इसके परिणामस्वरूप माल गोदाम रोड को पूरी तरह नए सिरे से बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया।

पूर्व सांसद ने बताया कि माल गोदाम रोड का लगभग 2.5 किलोमीटर हिस्सा रेलवे के अधिकार क्षेत्र में आता है, जिसकी हालत लंबे समय से खराब थी। सड़क की बदहाली के कारण शास्त्री कॉलोनी, आरपीएफ कॉलोनी तथा आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।

रामकिशुन यादव ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी जोर देते हुए रेलवे अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को सख्त निगरानी रखने की सलाह दी है, ताकि स्वीकृत बजट का सही उपयोग हो और सड़क लंबे समय तक टिकाऊ बनी रहे। उन्होंने रेलवे प्रशासन से डीआरएम कार्यालय से सिकटिया-रामनगर रोड तथा गंजी प्रसाद चौराहा से इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 तक जाने वाली लोको रोड की मरम्मत कराने की मांग भी उठाई है।

पूर्व सांसद ने रेल मंत्री और रेलवे प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का संकेत है। वहीं स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि सड़क निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा होगा, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।