चंदौली। जनपद के मुगलसराय बाजार में गुरुवार को पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के नेतृत्व में व्यापक पैदल गश्त अभियान चलाया गया। इस दौरान बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने प्रमुख बाजारों, व्यस्त मार्गों तथा सब्जी मंडी क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए दुकानदारों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों से संवाद भी किया।

निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर दुकानों का सामान सड़क और फुटपाथ तक फैला हुआ पाया गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में कठिनाई हो रही थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सड़क और फुटपाथ पर रखे गए सामान को तत्काल हटवाया गया तथा मार्ग को खाली कराकर आमजन के लिए सुगम बनाया गया।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने व्यापारियों और दुकानदारों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी दुकानों का सामान निर्धारित सीमा के भीतर ही रखें और सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण न करें। उन्होंने कहा कि फुटपाथ पैदल चलने वाले लोगों की सुविधा के लिए बनाए गए हैं, इसलिए उन पर किसी भी प्रकार का कब्जा या सामान रखना उचित नहीं है। बाजार क्षेत्र में सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी नागरिकों का सहयोग आवश्यक है।

पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक सुझाव प्राप्त किए। साथ ही स्थानीय पुलिस एवं यातायात पुलिस को बाजार क्षेत्र में नियमित निगरानी रखने तथा अतिक्रमण की पुनरावृत्ति रोकने के निर्देश दिए गए।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि एक बार हटाए गए अतिक्रमण को यदि दोबारा किया जाता है और उससे यातायात अथवा आमजन के आवागमन में बाधा उत्पन्न होती है, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने दुकानदारों से प्रशासन का सहयोग करने और बाजार की व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक यातायात सत्य प्रकाश यादव, थानाध्यक्ष मुगलसराय अर्जुन सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे। चंदौली पुलिस का कहना है कि बाजारों में सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए ऐसे पैदल गश्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।