चंदौली:–पीपी गुप्ता मेमोरियल जूनियर क्रिकेट: टारगेट एकेडमी ने बनाए 196 रन, हर्ष-सौम्या के 3-3 विकेट से रामनगर 96 पर ढेर; शतक से चूके शिवांश प्लेयर ऑफ द मैच।

दुल्हीपुर बीपी स्कूल मैदान पर खेले गए पीपी गुप्ता मेमोरियल जूनियर क्रिकेट टूर्नामेंट के तीसरे क्वार्टर फाइनल में टारगेट एकेडमी मुगलसराय ने पीसीए रामनगर को 100 रन के बड़े अंतर से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली।टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टारगेट एकेडमी ने निर्धारित 25 ओवर में 9 विकेट पर 196 रन बनाए। ओपनर शिवांश यादव ने 8 चौकों और 2 लंबे छक्कों की मदद से 99 रन की शानदार पारी खेली। शतक पूरा करने की कोशिश में वह आखिरी ओवर में रन आउट हो गए और उनका शतक का सपना अधूरा रह गया। शिवांश ने मैदान के चारों ओर बेहतरीन कट, पुल और स्वीप शॉट लगाए, जिस पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया। सत्यम ने 19 रन का योगदान दिया। पीसीए रामनगर की ओर से प्रिंस और देब ने 2-2 विकेट लिए, जबकि अंश को 1 विकेट मिला।197 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी पीसीए रामनगर की टीम 18वें ओवर में ही 96 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम के लिए अंश ने 22 और केशरी ने 24 रन बनाए, लेकिन बाकी कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं सका। टारगेट एकेडमी के लिए हर्ष और सौम्या ने 3-3 विकेट झटके। शिवेक और रिजक को 1-1 सफलता मिली।शानदार 99 रन की पारी के लिए शिवांश यादव को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। मैच में अंपायरिंग विवेक कुमार और कुरैशी भाई ने की, जबकि रेफरी शोज़ेब हुसैन रहे।आयोजकों ने बताया कि 17 मई को सुबह 8 बजे बीपी स्कूल दुल्हीपुर में लीजेंड टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल खेला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *