चन्दौली। जनपद में सड़क सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने तथा यातायात नियमों के सख्त अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा ने थाना चन्दौली क्षेत्र के मझवार स्टेशन के सामने से अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल से जनपद में आधुनिक तकनीक आधारित स्मार्ट ट्रैफिक पुलिसिंग को नई मजबूती मिलेगी।

अत्याधुनिक तकनीक से लैस इन इंटरसेप्टर वाहनों में स्पीड लेजर गन, हाई-रिजॉल्यूशन कैमरा, नाइट विजन कैमरा, ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) सिस्टम, वीडियो रिकॉर्डिंग सिस्टम, पब्लिक एड्रेस सिस्टम (PA System), ब्रेथ एनालाइज़र, अल्कोहल मीटर, लाल-नीली चेतावनी बत्ती और हूटर जैसे आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। इनकी सहायता से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर प्रभावी निगरानी रखते हुए त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार इन वाहनों का उपयोग जनपद के प्रमुख मार्गों, राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों, नगर क्षेत्रों तथा दुर्घटना संभावित और संवेदनशील स्थानों पर किया जाएगा। विशेष रूप से ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाना (ड्रंक एंड ड्राइव), रैश एवं स्टंट ड्राइविंग, ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहन, प्रदूषण मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहन तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।

इसके साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष यातायात प्रवर्तन एवं जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे। इंटरसेप्टर वाहनों के माध्यम से आधुनिक तकनीक का उपयोग कर नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर सतत निगरानी रखी जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि इंटरसेप्टर वाहनों का संचालन पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और दक्षता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ आमजन को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के प्रति लगातार जागरूक भी किया जाए, ताकि जनपद में सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था स्थापित की जा सके।