दुल्हीपुर क्षेत्र के बगही गांव में जितेंद्र पुत्र स्व0 रूपचंद की बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से एक भैंस की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश फैल गया।जानकारी के अनुसार सुबह पशुपालक अपनी भैंस को चराने के लिए खेत की तरफ ले जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में लगे बिजली के खंभे में करंट उतर रहा था। भैंस जैसे ही खंभे के पास पहुंची, वह उसकी चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी और खंभे की बिजली कटवाई। पशुपालक का आरोप है कि कई दिनों से खंभे में करंट की शिकायत की जा रही थी, लेकिन विभाग ने ध्यान नहीं दिया। इसी लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है।इस संबंध में बिजली विभाग के जेई ने बताया कि मौके पर टीम भेजकर खंभे से करंट की समस्या ठीक कराई जा रही है। मुआवजे के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा जाएगा।ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि ऐसे जर्जर खंभों की जांच कर उन्हें तुरंत ठीक किया जाए ताकि आगे कोई जनहानि न हो।