चंदौली। मिशन निदेशक उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के निर्देश तथा मुख्य विकास अधिकारी चंदौली के मार्गदर्शन में दिव्यांगजन रोजगार अभियान 3.0 के अंतर्गत बुधवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) रेवसा, चंदौली में जनपद का पहला विशेष दिव्यांग रोजगार मेला आयोजित किया गया।

रोजगार मेले का उद्देश्य दिव्यांग अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक एवं सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना था। मेले में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (DDU-GKY), आईटीआई सहित विभिन्न संस्थानों के कुल 35 दिव्यांग अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया।रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की कंपनियों ने अभ्यर्थियों का चयन करते हुए उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के 3 अभ्यर्थियों को मर्सी होम हेल्थकेयर में तथा डीडीयू-जीकेवाई के 4 अभ्यर्थियों को बीएम सेप सॉल्यूशन द्वारा नियुक्ति पत्र (ऑफर लेटर) प्रदान किए। वहीं शेष अभ्यर्थियों को सार्थक फाउंडेशन के माध्यम से 10 अगस्त 2026 तक विभिन्न संस्थानों में सेवायोजित किए जाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की गई।

इसके अतिरिक्त स्वरोजगार की इच्छा रखने वाले 3 दिव्यांग अभ्यर्थियों का पंजीकरण जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र की स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत कराया गया, ताकि वे सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर अपना स्वयं का रोजगार स्थापित कर सकें।

इस अवसर पर जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र के सहायक उपायुक्त, लीड बैंक मैनेजर, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के अधिकारी, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के जिला समन्वयक सहित मिशन के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।