चन्दौली। जनपद में अपराध एवं वाहन चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चन्दौली पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक शातिर वाहन चोर को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध पूर्व से चोरी एवं गैंगस्टर एक्ट सहित छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय के नेतृत्व में थाना चन्दौली पुलिस टीम 6 अगस्त 2026 को मझवार रेलवे स्टेशन के सामने हाईवे कट के पास संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल लेकर आने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चेकिंग तेज कर दी। कुछ देर बाद चन्दौली की ओर से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का संकेत देने पर वह वाहन मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कृष्ण खरवार (35 वर्ष) पुत्र छांगुर प्रसाद, निवासी ग्राम बरहुली, थाना मोहनिया, जिला कैमूर (बिहार) के रूप में हुई। उसके कब्जे से कावासाकी बॉक्सर मोटरसाइकिल (संख्या UP65V8839) बरामद की गई, जो चोरी की निकली।
बरामदगी एवं गिरफ्तारी के आधार पर थाना चन्दौली में मु0अ0सं0 422/2026 के तहत धारा 317(2) एवं 317(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में हुआ अहम खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने लगभग एक माह पूर्व कमलापति अस्पताल से उक्त मोटरसाइकिल चोरी की थी। चोरी के बाद वाहन को बनारस कैंट रेलवे स्टेशन के पास छिपाकर रखा गया था। वह मोटरसाइकिल को बिहार ले जाकर बेचने की फिराक में था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने यह भी बताया कि वह अपने एक साथी के साथ मिलकर मोटरसाइकिल चोरी करता है। पहचान छिपाने के लिए चोरी के वाहनों के चेसिस नंबर को आरी ब्लेड से खुरचकर मिटा देता है और बाद में इन वाहनों को बिहार में शराब तस्करी से जुड़े लोगों को बेच देता है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध चोरी, चोरी के माल की बरामदगी, धोखाधड़ी तथा गैंगस्टर एक्ट सहित कुल छह आपराधिक मुकदमे पूर्व से दर्ज हैं। वर्तमान बरामदगी के संबंध में भी उसके विरुद्ध नया मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।