चंदौली ब्यूरो ।बबुरी क्षेत्र के बिन्दपुरवा गांव में प्राथमिक विद्यालय जाने वाले रास्ते पर लंबे समय से बनी समस्या का भाजपा नेता सूर्यमुनी तिवारी की पहल पर समाधान कराया गया। शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस से पूर्व सूर्यमुनी तिवारी स्वयं जेसीबी मशीन लेकर मौके पर पहुंचे और रास्ते पर जमा मिट्टी हटवाकर आवागमन सुचारु कराया।
बताया जा रहा है कि गड़ई नदी की खुदाई के दौरान निकली मिट्टी सड़क और विद्यालय जाने वाले रास्ते के किनारे जमा हो गई थी। बारिश होने के बाद मिट्टी की वजह से रास्ता बेहद फिसलन भरा हो जाता था। इससे सबसे अधिक परेशानी प्राथमिक विद्यालय जाने वाले छोटे बच्चों को होती थी। बच्चों के फिसलकर गिरने का खतरा बना रहता था, वहीं ग्रामीणों को भी आने-जाने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीणों ने कुछ दिन पूर्व इस समस्या से भाजपा नेता सूर्यमुनी तिवारी को अवगत कराया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने मौके का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर समस्या के समाधान की पहल की। इसी क्रम में शुक्रवार को जेसीबी मशीन के माध्यम से रास्ते पर जमा मिट्टी हटवाकर मार्ग को साफ और आवागमन योग्य कराया गया।


रास्ता साफ होने के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने कहा कि विद्यालय जाने वाले बच्चों की परेशानी को प्राथमिकता देते हुए समस्या का समाधान कराया जाना सराहनीय पहल है।
इस अवसर पर सूर्यमुनी तिवारी ने कहा कि “बच्चों की शिक्षा और उनकी सुरक्षित राह में किसी प्रकार की बाधा नहीं होनी चाहिए। क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान कराना हमारी प्राथमिकता है। जनहित से जुड़े विषयों पर हर संभव प्रयास जारी रहेगा।”
स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले विद्यालय जाने वाले रास्ते की सफाई होने से बच्चों के लिए आवागमन आसान हो गया है। स्थानीय लोगों ने इस पहल के लिए सूर्यमुनी तिवारी के प्रति आभार व्यक्त किया।




