बारिश में कच्चा मकान गिरा, परिवार पर संकट

नियामताबाद। चंदौली जिले के नियामताबाद क्षेत्र की ग्राम सभा खजुर गांव में बीती रात हुई भारी बारिश के दौरान राजनाथ चौहान का कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान गिरने से परिवार के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है। गनीमत रही कि हादसे के समय परिवार के सदस्य सुरक्षित स्थान पर थे, जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

बताया गया कि लगातार बारिश के कारण कच्चे मकान की दीवारें कमजोर हो गई थीं। रात में बारिश के बीच अचानक मकान गिरने से घर में रखा सामान भी प्रभावित हुआ। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिवार की मदद की।

पीड़ित राजनाथ चौहान ने प्रशासन से मकान गिरने का सर्वे कराकर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत दिलाने और रहने के लिए सुरक्षित व्यवस्था कराने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण गांव में कई कच्चे मकानों को खतरा बना हुआ है। ऐसे में प्रशासन को जर्जर मकानों का निरीक्षण कराकर जरूरतमंद परिवारों को मदद उपलब्ध करानी चाहिए।