चंदौली। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से अत्यंत भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किए जाने और जिले में सक्रिय मानसून के कारण लगातार बारिश की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी की अनुमति से 27 अगस्त 2026 को जनपद के सभी परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई समेत कक्षा 1 से 8 तक संचालित सभी विद्यालय बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार की ओर से 25 अगस्त को जारी कार्यालय आदेश में बताया गया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव और संपर्क मार्गों पर फिसलन की स्थिति को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है।
आदेश के अनुसार 27 अगस्त को विद्यालयों में शैक्षणिक कार्य स्थगित रहेगा। हालांकि सभी शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी विद्यालय में उपस्थित रहकर विभागीय एवं ऑनलाइन कार्यों का निस्तारण करेंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।