चंदौली। अलीनगर थाना पुलिस और स्वाट टीम ने 25 अगस्त को एसएस हॉस्पिटल, आलमपुर के पास हुई लूट और फायरिंग की घटना का सफल अनावरण करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, 4,420 रुपये नकद, तीन तमंचे, छह जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त 2026 की रात करीब 9:30 बजे सूर्यान्श जायसवाल अपने दोस्तों प्रशान्त यादव और मोहित चौहान के साथ कार से एसएस हॉस्पिटल, आलमपुर के पास पहुंचे थे। इसी दौरान टीवीएस रोनिन बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी गाड़ी के आगे बाइक लगाकर रास्ता रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने तमंचे से फायरिंग करते हुए सूर्यान्श के गले से सोने की चेन छीन ली और चंदौली की ओर फरार हो गए।

घटना के संबंध में अलीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

इसी क्रम में 28 अगस्त 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी दोबारा किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में सकलडीहा की तरफ से रिंग रोड की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर अलीनगर पुलिस और स्वाट टीम ने तारापुर/आलमपुर अंडरपास के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, एक बाइक पर सवार दो संदिग्धों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन सड़क गीली होने के कारण बाइक फिसल गई। दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उनकी पहचान राजकुमार दुबे निवासी जमुआवं, थाना करंडा, गाजीपुर और अमन गिरी निवासी बभनियाव, थाना धीना, चंदौली के रूप में हुई।

पुलिस के अनुसार, राजकुमार के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, तमंचा, कारतूस, दो मोबाइल फोन, 3,000 रुपये और घटना में प्रयुक्त टीवीएस रोनिन बाइक बरामद हुई। वहीं अमन गिरी के पास से तमंचा, दो कारतूस, मोबाइल फोन और 500 रुपये बरामद किए गए।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपने दो अन्य साथियों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने दूसरी बाइक से आ रहे कमलेश मिश्रा उर्फ पंकज मिश्रा निवासी अमाधपुर, थाना धानापुर और विनोद सिंह निवासी बभनियाव, थाना धीना को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, कमलेश मिश्रा के पास से तमंचा, दो कारतूस और 420 रुपये, जबकि विनोद सिंह के पास से एक कारतूस और 500 रुपये बरामद हुए।

हाईवे पर करते थे लूट की तलाश

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सैयदराजा से राजातालाब तक हाईवे पर घूमकर लूट के लिए मौके की तलाश करते थे। मौका मिलने पर असलहे के बल पर राहगीरों से लूट की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने ठिकानों पर लौट जाते थे। पुलिस के अनुसार, विनोद सिंह के पास बनी झोपड़ी में आपराधिक घटनाओं के बाद असलहे छिपाने की बात भी सामने आई है।

वादी सूर्यान्श जायसवाल ने मौके पर पहुंचकर राजकुमार दुबे और अमन गिरी की पहचान की तथा बरामद सोने की चेन की शत-प्रतिशत पहचान की।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस इनके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।

मामले में पुलिस ने बरामदगी और साक्ष्यों के आधार पर संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए चारों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

You missed